आगरा। जयपुर हाउस स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में तपस्वी सम्राट चातुर्मास-2026 के अंतर्गत श्री शांतिनाथ महिला मंडल की ओर से डांडिया उत्सव एवं विशेष भजन-भक्ति संध्या आयोजित की गई। आयोजन आचार्य श्री सौभाग्यसागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद एवं संघस्थ क्षुल्लिका माताजी के सान्निध्य में संपन्न हुआ।
भजनों की धुन पर सजी डांडिया की प्रस्तुति
कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक व रंग-बिरंगे परिधानों में सजकर डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। धार्मिक भजनों और भक्ति गीतों की मधुर धुनों पर ताल से ताल मिलाते हुए महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
डांडिया की खनक और भजनों की स्वर लहरियों से मंदिर परिसर देर तक भक्ति, उल्लास और उमंग से सराबोर रहा। भजन-भक्ति संध्या में श्रद्धालुओं ने भगवान के गुणों का गुणगान कर भक्तिभाव से सहभागिता की।
महिला मंडल की रही सक्रिय भागीदारी
महिलाओं एवं युवतियों ने बड़ी संख्या में कार्यक्रम में भाग लिया। उनकी आकर्षक प्रस्तुतियां आयोजन का विशेष आकर्षण रहीं। मंदिर अध्यक्ष राकेश जैन, दीपक जैन, सुबोध पाटनी एवं विनोद रांवका का कार्यक्रम में विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर रुचि जैन, राखी रांवका, अनु जैन, सीमा जैन, मंजू जैन, शालू जैन, महक जैन, नीतू जैन, वंदना जैन, नेहा जैन, करुणा जैन, रूबी जैन, योगिता जैन, शिखा जैन, कृतिका जैन, कल्पना जैन सहित महिला मंडल की सदस्य उपस्थित रहीं।




