इंदौर। मां अहिल्या की नगरी में मातृ शक्ति का अद्भुत महा जुलूस ने अब तक के जुलूसों का इतिहास पलटकर रख दिया। देश की आधी आबादी यानी महिला शक्ति ने देश के विभिन्न प्रांतों से विविध रंगी पोशाकों में शामिल होकर सोमवार सुबह जब एयरपोर्ट के सामने मिडफ्लाइट होटल से’ एयरपोर्ट थाना, कालानी नगर चौराहा, साधना नगर, रामचंद्र नगर, छत्रपति नगर होते हुए दलाल बाग तक जुलूस निकाला तो सड़क के दोनों ओर देखने वालों की हजारों की तादाद में भीड़ कायम रही। कालानी नगर चौराहे पर श्री दिगंबर जैन शांतिनाथ पंचायती मंदिर के स्वागत मंच पर जब मुनिश्री सुधासागर जी ससंघ विराजे तो पूरा चौराहा गुरुदेव के जयकारों से गूंज उठा। मुनिश्री के सानिध्य में चक्रवर्ती नवीन गोधा, आनंद गोधा, मनीष गोधा सहित हर्ष जैन आदि मौजूद रहे। यहां मंच पर विराजित होकर जुलूस में शामिल महिलाओं को मुनिश्री सुधासागर जी ने जुलूस में शामिल महिलाओं को आशीर्वाद प्रदान किया। यह दृश्य जिसने भी देखा वह देखता ही रह गया।

1003918834.jpg

केबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मुनिश्री के पाद प्रक्षालन किए

कालानीनगर चौराहे पर मुनिश्री सुधासागर जी महाराज जब पहुंचे तो केबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने उनके पाद प्रक्षालन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। यहीं मंच पर विराजमान होकर मुनिश्री के सानिध्य में महिलाओं के जुलूस को करीब से देखा और उनकी सराहना की। उनके साथ नवीन गोधा, आनंद गोधा, मनीष गोधा, हर्ष जैन, भूपेंद्र जैन सहित अन्य पदाधिकारीगण और चातुर्मास समिति के सदस्य मौजूद रहे।

देश के हर प्रांत का प्रतिनिधित्व किया महिलाओं ने

महिलाओं के विशाल और भव्यातिभव्य जुलूस में देश के महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, बिहार छत्तीसगढ़ सहित अन्य प्रांतों की महिलाओं ने अपने-अपने क्षेत्र के अतिशय और सिद्ध क्षेत्र के मॉडल लेकर जुलूस को भव्य रूप प्रदान किया। महिलाओं को मयूर रूप में, छतीसगढ़ के छत्तीसगढ़ी पोशाक में शामिल महिलाएं खास आकर्षण का केंद्र रहीं। महिलाओं ने विविध रंग की पोशाक में शामिल होकर इंदौर की धरती पर इतिहास कायम कर दिया। मुनिश्री सुधासागर जी महाराज के सानिध्य में पहली बार इंदौर की धरती पर 105 महिला मंडलों की 5000 से अधिक महिलाओं ने जुलूस निकाला है।

कार्यक्रम का संयोजन परम संरक्षिका सुशीला पाटनी ने किया। जुलूस का नेतृत्व श्राविका वृत्ति शीला जैन डोड्या जयपुर और सपना मनीष गोधा, शिवानी नवीन गोधा, अर्चना गोधा, अंकिता गोधा, एकता गोधा, प्राची गोधा, महिला मंडल अध्यक्ष साधना दगड़े आदि ने किया।

97 शहरों से 3800 दिगंबर जैन महिलाओं की रही सहभागिता

शहर के एयरपोर्ट रोड पर 5 अक्टूबर को जैन समाज एक अद्भुत और ऐतिहासिक नजारा देखने आया। मुनि पुंगव 108 सुधासागर जी महाराज के पावन सानिध्य में पहली बार एक साथ 5100 महिलाएं सिर पर मंगल कलश लेकर भव्य जुलूस में शामिल हुईं। जैन समाज के इतिहास में महिलाओं की इतनी बड़ी सहभागिता वाला यह पहला अवसर था। महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष साधना दगड़े ने बताया कि मुनिश्री के सानिध्य में देशभर की 97 शहरों से 3800 दिगंबर जैन महिलाओं के अलावा स्थानीय महिलाओं को मिलाकर 5 हजार से अधिक महिलाओं ने सहभागिता की।

10 महिला मंडल को किया गया पुरस्कृत

महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष साधना दगड़े, रुचि गोधा, संगीता बाकलीवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप 10 महिला मंडलों को चयनित कर पुरस्कृत किया गया। इस महाआयोजन के संयोजक युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष राहुल सेठी और महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष साधना दगड़े रहे।