इंदौर। दिगंबर जैन परवार सभा के संयोजन में रविंद्र नाट्यगृह में आयोजित दो दिवसीय अखिल भारतीय सर्व दिगंबर जैन युवक-युवती परिचय सम्मेलन में प्रथम दिन लगभग डेढ़ सौ युवक-युवतियों ने अपने मनपसंद जीवनसाथी की तलाश के लिए मंच से परिचय दिया। सभा के मीडिया प्रभारी राजेश जैन दद्दू ने बताया कि श्वेता, सुनीता, वंदना एवं संगीता जैन के मंगलाचरण से प्रारंभ परिचय सम्मेलन के गौरव अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी मनीष नायक, राजीव जैन पार्षद, महेंद्र सिंघई एवं राजीव जैन बीड़ी वाले थे। प्रारंभ में आचार्यश्री विद्यासागर जी के चित्र का अनावरण एवं चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन विमल सिंघई, अशोक जैन, अखिलेश सिंघई आदि ने किया। ध्वजारोहण राजीव जैन बंटी भैया ने किया एवं अतिथियों का स्वागत परवार सभा के अध्यक्ष राकेश जैन चेतक, संदीप जैन गिन्नी, अनिल जैन सप्पु, सुदीप जैन एवं अनिल जैन ने किया।
सम्मेलन जीवनसाथी की तलाश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं
सभा के अध्यक्ष राकेश चेतक ने बताया कि 1200 प्रत्याशियों से परिपूर्ण बहुरंगी पत्रिका परिणय मिलन का विमोचन संपादक अनिल रावत ने अतिथियों से कराया। अतिथि मनीष नायक ने कहा कि आज जबकि सामाजिक संरचना कमजोर हो रही है, परिवार टूट रहे हैं और समाज में लोगों का परस्पर एक-दूसरे से जीवंत संपर्क भी कम होता जा रहा है, ऐसी स्थिति में युवक-युवती परिचय सम्मेलन जीवनसाथी की तलाश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अभिभावकों एवं युवक-युवती प्रत्याशियों से आह्वान किया कि मंच के माध्यम से प्राप्त परिचय को परिणय में बदलें और सम्मेलन को सार्थक बनाएं। पार्षद राजीव जैन ने समाज में विजातीय विवाह, लव मैरिज और तलाक की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि परिचय सम्मेलन मात्र नाम, गोत्र और बायोडाटा साझा करने का माध्यम नहीं है, बल्कि सही और योग्य जीवनसाथी की खोज करने का सशक्त माध्यम है।
इनके सहयोग और उपस्थिति से हुआ आयोजन
सम्मेलन में काफी संख्या में स्थानीय एवं बाहर के प्रत्याशी सम्मिलित हुए। इस अवसर पर सुमधुर गायक विपिन लुहाडिया के मधुर गीत-भजन एवं हास्य-व्यंग्य की छोटी-छोटी कविताओं ने भी लोगों का खूब मनोरंजन किया। सम्मेलन एवं परिचय सत्र का संचालन सुरेंद्र जैन, प्रद्युम्न जैन, बिंदु जैन, रितिका जैन ने किया। रात्रि में विश्व प्रसिद्ध रंगरेज कला संस्कार समिति उज्जैन द्वारा सती चंदन वाला नृत्य नाटिका का मंचन भी हुआ, जिसे खूब सराहना मिली। सम्मेलन में समाज के वरिष्ठ सतीश डबडेरा, योगेश सरदार मल, डॉ. जैनेंद्र जैन, प्रदीप जैन बल्ला, हेमंत मोदी, डीके जैन, देवेंद्र जनता, आशीष जैन सूतवाले आदि गणमान्य उपस्थित थे।





