समाचार

ढाई द्वीप पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव प्रारम्भ: बड़ामलहरा सहित विश्वभर से इंदौर पहुंचे हजारों जैन बंधु


सारांश

आदिनाथ भगवान के मोक्ष कल्याणक के दिन तीर्थधाम ढाईद्वीप जिनायतन इंदौर का सात दिवसीय पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव शुरू हुआ। ध्वजारोहण हुआ। मंगलाचरण की सुंदर प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। राजेश रागी/रत्नेश जैन बकस्वाहा की रिपोर्ट।


बड़ामलहरा। प्रथम तीर्थंकर पूज्य श्री 1008 आदिनाथ भगवान के मंगलकारी मोक्ष कल्याणक के शुभदिन तीर्थधाम ढाईद्वीप जिनायतन इंदौर का सात दिवसीय पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का मंगलमय शुभारंभ माघ कृष्ण चतुर्दशी शुक्रवार 20 जनवरी को ध्वजारोहण से हुआ। बड़ामलहरा से बड़ी संख्या में जैन बंधु सम्मिलित हुए।

श्री जिनेन्द्र शोभायात्रा निकाली गई

महोत्सव के मीडिया प्रभारी प्रद्युम्न फौजदार एवं दीपकराज जैन ने बताया कि प्रातःकाल तीर्थधाम ढाईद्वीप से अयोध्या नगरी तक श्री जिनेन्द्र शोभायात्रा निकाली गई जिसमें मनोहारी रथ पर श्रीजी को विराजमान कर मंगलगान के साथ श्रावक – श्राविकाएँ कार्यक्रम स्थल अयोध्या नगरी पहुंचे। वहां प्रतिष्ठाचार्य पण्डितश्री अभिनन्दन जी शास्त्री के साथ पण्डितश्री अभयकुमारजी शास्त्री, पं. संजय शास्त्री, पं. ऋषभ शास्त्री, डॉ. विवेक शास्त्री ने पूजन विधान कर आदिनाथ भगवान का मोक्ष कल्याणक महोत्सव मनाकर ध्वजारोहण से पंचकल्याणक महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पंडित टोडरमल स्मारक के युवा शास्त्रियों सहित अष्टकुमारिकाओं एवं 56 कुमारियों ने मंगलाचरण की सुंदर प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।

ये रहे सौभाग्यशाली परिवार

सात दिवसीय महोत्सव के शुभारंभ पर ध्वजारोहण करने का सौभाग्य श्रीमती सृष्टि यश जैन एवं श्रीमती सोनल मुकेश जैन ढाई द्वीप परिवार को मिला। प्रतिष्ठा मंडप का उद्घाटन कमल कुमार, साकेत, सहज बड़जात्या परिवार द्वारा किया गया। प्रतिष्ठा मंच का उद्घाटन श्रीमती आशा नरेश लुहाड़िया एवं नम्रता आकिंचन्य लुहाड़िया दिल्ली ने किया। प्रतिष्ठा मंच की वेदी पर श्रीजी को विराजमान करने का सौभाग्य डॉ. अशोक जैन, पलास, पर्युल जैन इंदौर को मिला। मंगलकलश की स्थापना माता मरुदेवी श्रीमती कुसुमलता पाटनी इंदौर द्वारा की गई। मनोहारी वेदी पर जिनवाणी विराजमान करने का सौभाग्य श्रीमती ऋतु डॉ. अशोक जैन एवं कृति, सौम्या जैन परिवार इंदौर को मिला।

चित्रों का अनावरण हुआ

आचार्य कुंदकुंददेव के चित्र का अनावरण श्रीमती सुषमा कैलाशचंद जैन छाबड़ा परिवार मुम्बई, पंडित टोडरमलजी के चित्र का अनावरण पद्मचंद, विकास, वैभव, वरुण पहाड़िया परिवार इंदौर ने किया। गुरुदेवश्री कानजी स्वामी के चित्र का अनावरण पंडित शिखरचंद, संजय, राजीव, आलोक जैन परिवार विदिशा द्वारा किया गया।

यगमण्डल विधान

यगमण्डल विधान आमन्त्रणकर्ता, उद्घाटन एवं मुख्य कलश विराजमान करने का सौभाग्य श्रीमती भारती बेन विजयभाई जैन हासरथ वाले दादर मुम्बई वालों को मिला। दोपहर के समय इंद्र प्रतिष्ठा एवं यागमण्डल विधान के दौरान जिनवाणी विराजमान करने का सौभाग्य श्रीमती विंदल दीपक शाह बैंगलोर, मंगल कलश भरत रतनचंद दोषी मुम्बई, दीप्ती नितिन सेठी इंदौर, जितेंद्र कुसुम सेठी इंदौर एवं भरत भाई टिम्बडिया कोलकाता को मिला।

मंगल प्रवचनों का मिला लाभ

मंगल महोत्सव के दौरान आध्यात्मिक सतपुरुष गुरुदेवश्री कानजी स्वामी एवं पण्डितश्री डॉक्टर हुकमचन्दजी भारिल्ल जयपुर के श्रीमुख से माँ जिनवाणी के रसास्वादन करने का सौभाग्य सकल समाज को मिला। ज्ञायक भगवान आत्मा की महिमा बताई गई।

माता ने देखे सोलह स्वप्न

रात्रिकालीन सभा में गर्भ कल्याणक के छह माह पूर्व सम्बन्धी इंद्र सभा एवं राज सभा लगाई गई। पश्चात 56 कुमारिकाओं ने सुंदर नृत्यगान कर गर्भ कल्याणक की खुशियां मनाईं एवं माता मरुदेवी के सोलह स्वप्नों का सुंदर चित्रण किया गया।

आज मनेगा गर्भ कल्याणक महोत्सव

महोत्सव के अध्यक्ष विपिन शास्त्री एवं महामंत्री एस. पी. भारिल्ल ने बताया कि प्रतिष्ठा महोत्सव के द्वितीय दिवस माघ कृष्ण अमावस्य 21 जनवरी को प्रातः 6 बजे मंगलगायन से महोत्सव का शुभारंभ होगा। पश्चात प्रौढ़ कक्षा, शांति जाप, श्री जिनेन्द्र पूजन, मंगल प्रवचन, इंद्र सभा एवं राज सभा, घटयात्रा सहित पूरे दिन विविध अनुष्ठान होंगे। रात्रि के समय माता एवं देवियों की सुंदर चर्चा कर गर्भ कल्याणक महोत्सव मनाया जाएगा।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
6
+1
1
+1
0

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page

× श्रीफल ग्रुप से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें