आस्था की उन शिलाओं पर आज भी नेमिनाथ प्रभु के चरणों की प्रतिध्वनि सुनाई देती है। धरती पर कुछ स्थान ऐसे होते हैं जिन्हें केवल भूगोल से नहीं समझा जा सकता। वे इतिहास की पुस्तकों से भी बड़े होते हैं, क्योंकि वहाँ मनुष्य की आस्था सदियों तक साँस लेती रहती है। आज पढ़िए, ’डॉ. जयेन्द्र जैन ‘निप्पू’ चंदेरी का यह आलेख...
चंदेरी। आस्था की उन शिलाओं पर आज भी नेमिनाथ प्रभु के चरणों की प्रतिध्वनि सुनाई देती है। धरती पर कुछ स्थान ऐसे होते हैं जिन्हें केवल भूगोल से नहीं समझा जा सकता। वे इतिहास की पुस्तकों से भी बड़े होते हैं, क्योंकि वहाँ मनुष्य की आस्था सदियों तक साँस लेती रहती है। गिरनार पर्वत ऐसा ही एक पवित्र तीर्थ है। यह केवल पत्थरों का पहाड़ नहीं, बल्कि जैन धर्म की तपस्या, त्याग और मोक्ष साधना का जीवंत प्रतीक है।
जब प्रातःकाल की पहली किरण गिरनार की चोटियों को स्पर्श करती है, तब ऐसा प्रतीत होता है मानो स्वयं इतिहास जाग उठता हो। हजारों सीढ़ियाँ चढ़ते हुए श्रद्धालुओं की थकी हुई साँसों में भी एक अद्भुत शांति दिखाई देती है। कोई वृद्ध अपने काँपते पैरों से ऊपर बढ़ रहा है, कोई माँ अपने बच्चों का हाथ थामे प्रभु के दर्शन की अभिलाषा लिए चल रही है, कोई साधु मौन तप में लीन है। इन सबके बीच गिरनार केवल पर्वत नहीं रह जाता, वह आस्था का धड़कता हुआ हृदय बन जाता है।
भगवान नेमिनाथ की निर्वाण भूमि होने के कारण गिरनार जैन समाज के लिए अनंत श्रद्धा का केंद्र है। कहते हैं कि जब नेमिनाथ प्रभु ने जीवों की करुण पुकार सुनी थी, तब राजवैभव का त्याग कर उन्होंने वैराग्य का मार्ग चुना। उसी त्याग की स्मृति आज भी गिरनार की हवाओं में जीवित है। वहाँ की हर शिला मानो संयम का संदेश देती है।
इतिहास बदलते रहे, राजसत्ताएँ आती-जाती रहीं, किन्तु तीर्थों का महत्व कभी समाप्त नहीं हुआ। जिस स्थान पर पीढ़ियों ने माथा टेका हो, जहाँ अनगिनत साधुओं ने तप किया हो, जहाँ समाज ने अपने आँसू, विश्वास और भक्ति अर्पित की हो कृ उस स्थान का संबंध केवल भूमि से नहीं, आत्मा से हो जाता है। इसलिए जब जैन समाज यह कहता है कि “गिरनार पर्वत जैनों का था, है और रहेगा”, तब यह केवल अधिकार की घोषणा नहीं होती, यह अपनी सांस्कृतिक स्मृति और आध्यात्मिक विरासत की रक्षा का भाव होता है।
आज का समय दुर्भाग्य से ऐसा हो चला है, जहाँ धर्म और आस्था को भी विवादों के तराजू में तौला जाने लगा है। किन्तु समाज को यह समझना होगा कि तीर्थ केवल ईंट और पत्थर नहीं होते। वे मनुष्य की नैतिक चेतना के केंद्र होते हैं। गिरनार की यात्रा मनुष्य को विनम्र बनाती है। हजारों सीढ़ियाँ चढ़ने के बाद जब कोई श्रद्धालु मंदिर के सामने पहुँचता है, तब उसका अहंकार स्वतः ही झुक जाता है। यही तीर्थ की शक्ति है।
मुंशी प्रेमचंद यदि आज होते, तो शायद वे गिरनार को किसी धार्मिक विवाद के रूप में नहीं देखते। वे उस गरीब यात्री की आँखों में झाँकते, जिसने जीवनभर की कमाई से एक बार इस तीर्थ की यात्रा की। वे उस वृद्ध माँ की थकान को महसूस करते, जिसने अपने पुत्र का हाथ पकड़कर प्रभु के दर्शन किए। वे उस साधारण मनुष्य की श्रद्धा को समझते, जिसके लिए गिरनार मोक्ष का मार्ग है।
समाज की सभ्यता केवल ऊँची इमारतों से नहीं मापी जाती, बल्कि इस बात से मापी जाती है कि वह अपनी विरासत और भावनाओं का कितना सम्मान करता है। गिरनार जैन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। उसकी रक्षा केवल जैन समाज का नहीं, बल्कि पूरे भारतीय सांस्कृतिक चेतना का दायित्व है।
आज भी गिरनार की वादियों में एक मौन संदेश गूँजता है-
“राज्य बदल सकते हैं, समय बदल सकता है,
किन्तु तप, त्याग और श्रद्धा की ज्योति कभी नहीं बुझती।
गिरनार उसी अमर ज्योति का नाम है।




