मुरैना। जैन समाज की सेवाभावी संस्था श्री यंग दिगम्बर जैन फाउंडेशन की ओर से जैन नव वर्ष के शुभारंभ पर 10 नवंबर को प्रातः 10 बजे से श्री महावीर दिगंबर जैन नसियाजी जिनालय के आचार्यश्री ज्ञानसागर निलय में वात्सल्य मिलन समारोह होगा। आयोजन में सकल जैन समाज मुरैना की सहभागिता रहेगी एवं विभिन्न शैलियों से श्रावक श्रेष्ठी एवं गणमान्य बंधुओं की उपस्थित रहेगी। फाउंडेशन के अध्यक्ष एडवोकेट महेंद्र जैन एवं महामंत्री अनूप भंडारी ने बताया कि मुरैना जैन समाज के इतिहास में पहली बार एक अनूठी पहल के तहत जैन नववर्ष के उपलक्ष्य में जैन नववर्ष वात्सल्य मिलन समारोह का भव्य आयोजन मंगलवार, 10 नवंबर को किया जा रहा है। श्री यंग दिगम्बर जैन फाउंडेशन परिवार के तत्वावधान में आयोजित यह समारोह प्रातः 10 बजे से आचार्यश्री ज्ञानसागर निलय, श्री महावीर दिगंबर जैन नसियाजी परिसर, अम्बाह रोड, मुरैना में होगा। कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए एक उप समिति का गठन किया गया है। जिसका मुख्य संयोजक वीरेंद्र जैन वावा ‘प्राचार्य’ को बनाया गया है।
इस तरह होगा आयोजन का शुभारंभ
आयोजन का उद्देश्य सकल जैन समाज के लोगों को एक मंच पर एकत्रित कर आपसी प्रेम, सौहार्द, एकता और वात्सल्य की भावना को मजबूत करना तथा नववर्ष का स्वागत सामाजिक समरसता के साथ करना है। इस अनूठे आयोजन के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को परस्पर मिलने-जुलने और आत्मीयता बढ़ाने का अवसर मिलेगा। समारोह का शुभारंभ मंगलाचरण के साथ होगा। इसके बाद चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन, अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा अतिथि उद्बोधन जैसे मांगलिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के समापन पर दोपहर 2 बजे से सकल जैन समाज के साधर्मी बंधुओं के लिए वात्सल्य भोज की विशेष व्यवस्था रखी गई है।
इन समाजजनों ने सहभागिता की अपील की
श्री यंग दिगम्बर जैन फाउंडेशन परिवार के संस्थापक संरक्षक राजेन्द्र भंडारी, डायरेक्टर पवन जैन इंडस्ट्रीज, कार्याध्यक्ष मनोज जैन नायक, कोषाध्यक्ष अनिल जैन संजू, विमल जैन, सतेंद्र जैन, पंकज जैन, पूर्व प्राचार्य अनिल जैन, अभिषेक जैन टीटू, आशीष जैन, राजीव जैन, अमर जैन, नितिन जैन, अनिल जैन, संजू जैन सहित सभी सदस्यों ने सकल जैन समाज के सभी बंधुओं, माताओं-बहनों एवं युवाओं से सपरिवार तथा इष्टमित्रों सहित समारोह में सम्मिलित होने का आग्रह किया है। आयोजकों ने विशेष रूप से अनुरोध किया है कि समाजजन समय पर पहुंचकर आयोजन की गरिमा बढ़ाएं और सपरिवार वात्सल्य भोज में सहभागी बनकर फाउंडेशन परिवार का आतिथ्य स्वीकार करें।




