कुंडलपुर(दमोह)। सिद्धक्षेत्र कुण्डलपुर में आचार्य श्री विद्यासागर जी के परम प्रभावक शिष्य एवं आचार्य श्री समय सागर जी महाराज के आज्ञानुवर्ती मुनि श्री समतासागर जी महाराज एवं मुनि श्री पवित्रसागर जी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में 12 से 16 नवंबर तक पांच दिवसीय ‘प्रतिमा-व्रत विज्ञान एवं समाधि-साधना शिविर लगाया जा रहा है। शिविर में संघस्थ बाल ब्रह्मचारी अनूप भैया एवं रिंकू भैया, ब्र. शैलेश एवं ब्र. मनोज भैया अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। राष्ट्रीय प्रवक्ता अविनाश जैन विद्या वाणी एवं क्षेत्रीय प्रचार मंत्री जयकुमार जैन जलज ने बताया कि इस आयोजन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिष्ठित विद्वानों एवं वक्ताओं का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। इनमें ब्रह्मचारी जिनेश मलैया (इंदौर), पंडित महेश (सतना), ब्रह्मचारी धीरज भैया (राहतगढ़), व्रती विद्वान पंडित महेंद्र बिस्कुट (विदिशा), व्रती विद्वान पंडित सिद्धार्थ (सतना) तथा व्रती श्रावक अशोक जैन, एसई (विदिशा) प्रमुख रूप से शामिल हैं।
समाधि-साधना के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन मिलेगा
पांच दिवसीय इस शिविर में प्रतिमा-व्रत के स्वरूप, उसके आध्यात्मिक एवं व्यावहारिक विज्ञान तथा समाधि-साधना के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। शिविर का उद्देश्य धर्म, संयम, साधना और आत्मकल्याण की भावना को मजबूत करना है। इस आयोजन के पुण्यार्जक के रूप में ब्रह्मचारिणी सुनीता दीदी (बांसा) तथा चौधरी प्रेमचंद एवं प्रदमकुमार पारस परिवार (बांसा) ने स्वीकृति प्रदान की हैं। प्रबंधकारिणी कमेटी, सिद्धक्षेत्र कुण्डलपुर के पदाधिकारियों ने शिविर में सम्मिलित होने वाले इच्छुक धर्मप्रेमियों से 8 नवंबर तक अपनी सहभागिता की सूचना अनिवार्य रूप से देने का आग्रह किया है।




