सारांश
दसवें तीर्थंकर भगवान शीतलनाथ के जन्म व तप कल्याणक महोत्सव पर जयपुर के दिगम्बर जैन मंदिरों में धर्ममय वातावरण रहा। श्री जी के अभिषेक के पश्चात मंत्रोच्चार से विश्व में सुख- शांति और समृद्धि की कामना की गई। शुक्रवार को भगवान आदिनाथ का मोक्ष कल्याणक दिवस मनाया जाएगा। प्रदेश महामंत्री विनोद जैन ‘कोटखावदा’ की रिपोर्ट।
जयपुर। जैन धर्म के दसवें तीर्थंकर भगवान शीतलनाथ का जन्म व तप कल्याणक महोत्सव गुरुवार को जैन धर्मावलंबियों द्वारा भक्ति भाव से मनाया गया। शहर के दिगम्बर जैन मंदिरों में पूजा अर्चना के विशेष आयोजन किए गए। शुक्रवार को भगवान आदिनाथ का मोक्ष कल्याणक दिवस मनाया जाएगा।
महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन
राजस्थान जैन युवा महासभा के प्रदेश महामंत्री विनोद जैन कोटखावदा ने बताया कि प्रातः मंदिरों में श्री जी के अभिषेक के पश्चात जयकारों के बीच मंत्रोच्चार से विश्व में सुख शांति और समृद्धि की कामना करते हुए शांतिधारा की गई।
अष्ट द्रव्य से पूजा- अर्चना के दौरान भगवान शीतलनाथ का जन्म व तप कल्याणक श्लोक का सामूहिक रूप से उच्चारण कर जयकारों के साथ अर्घ्य चढ़ाया गया। महाआरती के साथ समापन हुआ।
इन मंदिरों में हुए आयोजन
घी वालों का रास्ता स्थित दिगम्बर जैन मंदिर, फागी में मूलनायक भगवान शीतल नाथ का जन्म व तप कल्याणक महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर अभिषेक, शांतिधारा के बाद मण्डल विधान पर पूजा अर्चना की गई।
श्री जैन के मुताबिक सांगानेर के संघीजी दिगम्बर जैन मंदिर में आचार्य सुनील सागर महाराज एवं आचार्य शशांक सागर महाराज ससंघ, दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र पदमपुरा में आचार्य विवेक सागर महाराज ससंघ, मानसरोवर के वरुण पथ स्थित दिगम्बर जैन मंदिर में गणिनी आर्यिका भरतेश्वरमति माताजी ससंघ, प्रतापनगर के गोरधन नगर स्थित वासूपूज्य दिगम्बर जैन मंदिर में गणिनी आर्यिका विजय मति माताजी ससंघ के सान्निध्य में विशेष आयोजन किए गए।
श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र चूलगिरी, जग्गा की बावड़ी, तारों की कूंट पर सूर्यनगर के श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, शांतिनाथ जी की खोह सहित अन्य दिगम्बर जैन मंदिरों में भगवान शीतलनाथ का जन्म व तप कल्याणक दिवस मनाया गया।
भगवान ऋषभदेव का मोक्ष कल्याणक महोत्सव 20 को
राजस्थान जैन युवा महासभा के प्रदेश महामंत्री विनोद जैन कोटखावदा ने बताया कि शुक्रवार 20 जनवरी को जैनधर्म के प्रवर्तक एवं प्रथम तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव का मोक्ष कल्याणक महोत्सव मनाया जाएगा।
इस मौके पर शहर के दिगम्बर जैन मंदिरों में प्रातः पूजा अर्चना के बाद मंत्रोच्चार के साथ निर्वाण लाडू चढाया जाएगा। रात्रि में महाआरती के बाद भक्तामर स्तोत्र अनुष्ठान के पाठ किए जाएंगे।
भगवान श्रेयांसनाथ का ज्ञान कल्याणक महोत्सव 21 को
श्री जैन के मुताबिक शनिवार,21 जनवरी को ग्यारहवें तीर्थंकर भगवान श्रेयांसनाथ का ज्ञान कल्याणक महोत्सव मनाया जाएगा।
Add Comment