झुगरमरीतिलैया. राजकुमार अजमेरा | झुमरीतिलैया धर्म नगरी में पहली बार त्याग , साधना , आराधना की वात्सल्य मूर्ति जैन संत मुनि श्री 108 विशल्यसागर जी गुरुदेव का सार्वजनिक दिव्य सत्संग श्री दिगम्बर जैन नया मंदिर ,पानी टंकी रोड में 15 से 17 नवम्बर तक आयोजित होगा।
दोपहर 2:15 से 3:30 बजे तक होने वाले इस सत्संग में सभी समाज के लोग उपस्थित होकर धर्म लाभ लेंगे। इसके पूर्व आज प्रवचन श्रृंखला में गुरुदेव ने कहा जीवन की सबसे बड़ी सम्पत्ति प्रसन्नता ही है। गुरुदेव ने कहा कि तुम दुःखी हो,क्योंकि तुम जो चाहतो हो, पसंद करते हो वह तुम्हें नहीं मिल पा रहा है। प्रसन्न रहने की कला तो इसमें है कि जो तुम्हें मिल रहा है उसी को पसंद करना शुरू कर दो। ईश्वर हमें वह सब नहीं देता,जो हम चाहते है। जो ईश्वर ने दिया है हम उसे पसंद करना शुरू कर दें। हम सदा खुश रहेंगे। सुख और दुःख दोनों का सम्मान करो। अगर आप अपने मन को इस दिशा में मोड़ने या बदलने में सफल हो जाते है तो प्रसन्नता अपने आप आएगी।
गुरुदेव ने कहा प्रसन्नता उधार या किराए से नहीं मिलती।लोग हमारे पास आते हैं और कहते हैं-कोई ऐसा मंत्र बताइए कि जिससे मन को प्रसन्नता और शांति मिले। मैं कहता हूँ-दुनिया में कोई भी ऐसा मंत्र नहीं है जिसको जपने से शांति पाई जा सके। शांति पाने का एक ही मार्ग है कि आप अशांति के निमित्तों से बचने की कोशिश करें।आपने अपने चारों ओर अशांति के इतने निमित्त खड़े कर लिए हैं कि उनके बीच शांति दफन हो गई है। चेहरे की मुस्कान भी कृत्रिम हो गई है जिसके कारण बाहर से तो व्यक्ति सुखी नजर आता है लेकिन अंतर्मन में वह दुखी ही है। प्रसन्नता तो वह चंदन है जिसे प्रतिदिन अपने शीश पर धारण करो और यदि कोई व्यक्ति तुम्हारे द्वारे आए तो उसका भी उसी चंदन से तिलक करो।
गुरुदेव ने कहा कि प्रसन्नता तो चंदन की तरह है जिसे रोज सुबह ही अपने ऊपर छिड़क लिया जाना चाहिए। व्यक्ति की मनोदशा, भावदशा और सोच होती है वह उस व्यक्ति के चेहरे पर उभर जाती है। जीवन की सर्वोपरि शक्ति है व्यक्ति के अंतर्मन में पलने वाली शांति और प्रसन्नता। जीवन की सबसे बड़ी संपत्ति प्रसन्नता ही है। कार्यक्रम में समाज के मंत्री ललित सेठी, चातुर्मास संयोजक सुरेन्द काला, कार्यक्रम संयोजक संजय ठोल्या आदि उपस्थित थे। उक्त जानकारी कोडरमा मीडिया प्रभारी नविन जैन, जैन राज कुमार अजमेरा ने दी।